
*रामलीला महोत्सव का समाजसेवी एवं भाजपा नेता अवनीश अग्रवाल टांडे वाले ने रिबन काटकर किया उद्घाटन, बड़ी संख्या में धर्मप्रेमियों ने लिया भाग
हरि न्यूज
नांगल सोती/बिजनौर। श्रीरामलीला सेवा समिति नांगल सोती के तत्वावधान में आयोजित मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की लीला के मंचन का विधिवत शुभारंभ पूजा-अर्चना और रिबन काटकर किया गया। रामलीला महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में धर्मप्रेमियों ने सहभागिता की

रामलीला महोत्सव का शुभारंभ समाजसेवी एवं भाजपा नेता अवनीश अग्रवाल टांडे वाले ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, आदर्शों और मर्यादाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
अवनीश अग्रवाल टांडे वाले ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, तपस्या, सत्य, धर्म, कर्तव्यनिष्ठा और मर्यादा का प्रतीक है। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। प्रत्येक व्यक्ति को भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति सत्य, न्याय, सदाचार और आपसी भाईचारे को प्राथमिकता देगा, तभी समाज और देश में रामराज्य की संकल्पना को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि श्रीरामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है। रामलीला के माध्यम से बच्चों और युवाओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों, माता-पिता के प्रति सम्मान, बड़ों के आदर और समाज के प्रति अपने दायित्वों की सीख मिलती है।

इस अवसर पर श्रीराम लीला सेवा समिति के संरक्षक शशिकांत अग्रवाल एवं हिंदूवादी नेता गगन कर्णवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि श्रीरामलीला महोत्सव भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी धर्म, सत्य और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सद्भाव, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि रामलीला के मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है। ऐसे आयोजनों में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
श्रीरामलीला महोत्सव में पूर्व भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा, सुशील शुक्ला, मास्टर शशिकांत शर्मा, अतुल अग्रवाल, मुकेश शर्मा, जनेश कुमार, रामपाल सिंह, अतुल शुक्ला, अश्वनी शुक्ला, उमाकांत शुक्ला और अवनीश जोशी सहित सैकड़ों धर्म प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने श्रीरामलीला महोत्सव के आयोजन की सराहना करते हुए धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।



