
*हरिद्वार, नासिक और उज्जैन कुंभ की तैयारियों पर संतों ने किया मंथन, आपसी समन्वय और संगठन की मजबूती पर दिया जोर
हरि न्यूज
हरिद्वार। कुंभ पर्वों की तैयारियों को लेकर संत समाज में अभी से मंथन शुरू हो गया है। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी के यहां हुई संतों की महत्वपूर्ण बैठक में हरिद्वार, नासिक और उज्जैन कुंभ की तैयारियों के साथ अखाड़ों की एकजुटता और आपसी समन्वय पर चर्चा हुई। अग्नि अखाड़े के सचिव श्रीमहंत संपूर्णानंद ब्रह्मचारी ने कहा कि अखाड़ा परिषद की मजबूती के लिए सभी अखाड़ों का एकजुट रहना जरूरी है।
बैठक में श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि आगामी कुंभ पर्वों को लेकर सभी अखाड़ों को अभी से संगठित होकर तैयारियां शुरू करनी होंगी। कुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आस्था और संत परंपरा का सबसे बड़ा प्रतीक है। ऐसे में कुंभ की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अखाड़ों के बीच आपसी तालमेल, सहयोग और संवाद बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद को और अधिक मजबूत करने के लिए सभी अखाड़ों को संगठन के हित में मिलकर कार्य करना होगा। आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर सनातन धर्म और संत समाज की गरिमा के लिए एकजुटता के साथ आगे बढ़ना समय की आवश्यकता है।
अग्नि अखाड़े के सचिव श्रीमहंत संपूर्णानंद ब्रह्मचारी ने कहा कि संत समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता है। सभी अखाड़े एक मंच पर आकर मिलकर कार्य करेंगे तो आने वाली चुनौतियों का मजबूती से सामना किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि अखाड़ों की परंपराएं और पहचान अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन सभी का उद्देश्य सनातन धर्म की रक्षा, धार्मिक परंपराओं का संरक्षण और समाज को सही दिशा देना है।
संतों ने कहा कि आगामी हरिद्वार, नासिक और उज्जैन कुंभ में धार्मिक अनुष्ठानों, स्नान पर्वों और संत समाज से जुड़ी व्यवस्थाओं में अखाड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसलिए परिषद को मजबूत करने के साथ सभी अखाड़ों के बीच निरंतर संवाद और समन्वय बनाए रखना जरूरी है।
बैठक में स्वामी श्रीमहंत विचित्रानंद ब्रह्मचारी, महामंडलेश्वर सुमना आनंद गिरि, महामंडलेश्वर वैराग्य आनंद गिरि और महामंडलेश्वर सत्यसरायानंद गिरि सहित अन्य संत-महात्मा मौजूद रहे।



