
*समाजसेवियों ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर किया अभिनंदन,संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर दिया जोर
हरि न्यूज
हरिद्वार। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त होने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. संजय पालीवाल का समाजसेवी कुलवंत चड्ढा, राजीव शर्मा एवं वीरेंद्र शर्मा ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने डॉ. संजय पालीवाल को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
स्वागत के दौरान कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. संजय पालीवाल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा। पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ ही आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि आज आम आदमी महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है। कांग्रेस जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक तरीके से उनकी आवाज को सरकार तक पहुंचाने का कार्य करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने तथा जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर समाजसेवी कुलवंत चड्ढा ने कहा कि डॉ. संजय पालीवाल लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनसमस्याओं को उठाते रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से कांग्रेस संगठन को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि डॉ. पालीवाल के अनुभव और सक्रियता का लाभ पार्टी को प्रदेशभर में मिलेगा।
कुलवंत चड्ढा ने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जनता के बीच जाकर काम करना होगा। उन्होंने डॉ. संजय पालीवाल के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि वह नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए कांग्रेस संगठन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस दौरान राजीव शर्मा एवं वीरेंद्र शर्मा ने भी डॉ. संजय पालीवाल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने डॉ. पालीवाल का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।इस मौके पर कांग्रेस नेता शिवकुमार कश्यप,आशीष शर्मा,विक्की ठाकुर,बिट्टू पालीवाल,अमन शर्मा मौजूद रहे।
