
*मां की शिकायत पर बहादराबाद पुलिस की कार्रवाई, मुकदमा दर्ज होने के कुछ घंटे बाद आरोपी हिरासत में
हरि न्यूज
हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में एक पिता पर अपनी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक हरकतें करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को एक महिला ने कोतवाली बहादराबाद पहुंचकर अपने पति के विरुद्ध शिकायत दी। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति पिछले करीब एक वर्ष से अपनी नाबालिग बेटी के साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक हरकतें कर रहा था। विरोध करने और कई बार समझाने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति उसके साथ-साथ बच्चों से भी आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करता था।
शिकायत के अनुसार, आरोपी की कथित हरकतों के चलते नाबालिग बालिका भय और मानसिक परेशानी में रहने लगी थी। मामले की गंभीरता और बालिका की सुरक्षा को देखते हुए बहादराबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 398/26 के तहत धारा 75(2), 115(2), 352 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा धारा 7/8 और 9(l)(n)/10 पॉक्सो एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में उसके किराये के मकान पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी घर पर ही मौजूद मिला। उसे दर्ज मुकदमे की जानकारी देते हुए नियमानुसार हिरासत में ले लिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
1. उपनिरीक्षक ज्योति नेगी।
2. कांस्टेबल अरुण चमोली।
3. कांस्टेबल बलवंत सिंह।
नाबालिग की सुरक्षा को प्राथमिकता
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की कार्रवाई में पीड़िता की पहचान गोपनीय रखना आवश्यक है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।



