
*राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस उप महानिरीक्षक धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने पुलिस लाइन गोपेश्वर में किया सम्मानित
हरि न्यूज
गोपेश्वर। वर्ष 2025 में जनपद उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में सराहनीय योगदान देने के लिए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर) सम्मान प्रदान किए जाने की घोषणा की गई थी। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पवार को डीजीपी प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर) से अलंकृत किया।

धराली में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं। आपदा प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों को संचालित करना पुलिस और अन्य बचाव दलों के लिए बड़ी चुनौती थी। ऐसे कठिन समय में सुरजीत सिंह पवार ने तत्परता, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों के योगदान को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किया गया था।
सम्मान समारोह के दौरान डीआईजी धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने साहस, समर्पण और कर्तव्यपरायणता की सराहना करते हुए कहा कि आपदा जैसी विषम परिस्थितियों में जनसेवा और मानवीय संवेदनाओं के साथ कार्य करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान पुलिस बल के जवानों का मनोबल बढ़ाने के साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों को भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। धराली आपदा के दौरान किए गए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए मिला यह सम्मान पुलिस बल की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।



