
हरि न्यूज
नजीबाबाद/मड़ावली। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी जसजीत कौर एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने मोटा महादेव मंदिर परिसर में क्षेत्रवासियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने पुलिस चौकी मोटा महादेव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं को समय पर उपलब्ध कराने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात को सुचारु बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और आपातकालीन सेवाओं को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों से समन्वित रूप से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराने का आह्वान किया। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
