
हरि न्यूज
हरिद्वार, 16 जुलाई। गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय हरिद्वार में वैदिक मन्त्रोच्चारण के साथ हरेला पर्व गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय हरिद्वार एवं सरस्वती शिशु मन्दिर मायापुर हरिद्वार द्वारा संयुक्त रूप से वृक्षारोपण कर मनाया गया।
इस अवसर पर गुरुकुल के मुख्याधिष्ठाता एवं कन्सर्ड ऑथोरिटी डॉ. दीनानाथ शर्मा ने कहा कि गुरुकुल संस्कार एवं शिक्षा का अदभुत केन्द्र है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण ही वर्तमान की सभी समस्याओं का समाधान है। वृक्ष हमें न केवल जीवन देने का काम करते है वरन् हमारे पर्यावरण को शुद्ध एवं स्वच्छ रखने में हमारी सहायता भी करते हैं।
गुरुकुल के प्रधानाचार्य डा० विजेन्द्र शास्त्री ने बताया कि हरेला पर्व हरियाली का प्रतीक है। 16 जुलाई से यह पर्व प्रारम्भ होता है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, वृक्ष है तो हम सब आज के इस दूषित वातावरण में संघर्ष कर पा रहे हैं। उन्होने छात्रों से वृक्ष लगाने की अपील की तथा जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण में बट एवं पीपल वृक्ष को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय हरिद्वार के प्रो० नितिन काम्बोज ने कहा कि वृक्ष लगाना हमारे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण कार्य होता है। आज जो वृक्ष हम लगाते हैं वह भविष्य में हमें जीवन देने और फल फूल देकर पोषित करने का कार्य करता है। हमें अपने जीवन में अनेक अवसरों पर वृक्षारोपण करना चाहिए और उनका संरक्षण करना चाहिए। वृक्षारोपण ही हमारे पर्यावरण एवं परिस्थितिकी तन्त्र को सन्तुलित करने का एकमात्र साधन है।
इस अवसर पर गुरुकुल कांगड़ी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रविकान्त मलिक ने कहा कि आज का यह पर्व हमें वृक्षारोपण करने की प्रेरणा देता है और पूर्व से रोपित वृक्षों को संपोषण एवं संरक्षण की शिक्षा देता है। उन्होंने कहा कि वृक्ष ही हम सबके प्राणों की रक्षा करने में सहायक हैं।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के मंडल उपाध्यक्ष रोहित बालियान ने अपने सम्बोधान में वृक्षारोपण एवं हरेला पर्व का महत्व बताया।
इस अवसर पर गुरुकुल के पूर्व सरस्वती शिशु मन्दिर मायापुर हरिद्वार के उपप्रधानाचार्य जयप्रकाश, यूनियन अध्यक्ष अश्विनी कुमार, यूनियन मन्त्री फकीरचन्द, यूनियन कोषाध्यक्ष सज्जन सिंह, उपमन्त्री धीरज कौशिक, मंडल मन्त्री सत्यदेव, धर्मेन्द्र कुमार, अशोक कुमार आर्य, अमर सिंह, डा० वृजेश कुमार सिंह, विजय कुमार, अनिल कुमार, सुरेन्द्र बिष्ट, रणजीत सिंह, अजय कुमार, समस्त अधिष्ठातागण एवं छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सरस्वती शिशु मन्दिर मायापुर कुमार सैनी ने किया।
