कलश शोभायात्रा के साथ होगा आध्यात्मिक सत्संग, 28 सितंबर को अटूट भंडारा
हरि न्यूज
नजीबाबाद। अखिल भारतीय संत शिरोमणि सतगुरु रविदास मिशन के तत्वावधान में संत गुरु स्वामी समन दास जी महाराज का 106वां प्रकट दिवस श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम के तहत 27 सितंबर को कलश शोभायात्रा एवं आध्यात्मिक सत्संग तथा 28 सितंबर को अटूट भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार 27 सितंबर को दोपहर 2 बजे लालूवाला स्थित गुरु रविदास मंदिर से कलश शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। शोभायात्रा जलालाबाद होते हुए सतगुरु रविदास आश्रम, चौगावा पहुंचेगी।
इसी दिन रात्रि 9 बजे आश्रम परिसर में आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन होगा, जिसमें संत-महात्माओं द्वारा सतगुरु रविदास जी के आध्यात्मिक एवं सामाजिक संदेशों पर प्रकाश डाला जाएगा।
28 सितंबर को आश्रम परिसर में अटूट भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर संत गुरु स्वामी समन दास जी महाराज के प्रकट दिवस समारोह में सहभागिता करने का आह्वान किया है।
कार्यक्रम की जानकारी आयोजक पंकज गौतम, विजय सिंह, भूषण दास, नरेश कुमार, भोपाल सिंह, अवनीश कुमार गौतम, सुंदर दास जी, रणधीर सिंह, तेजपाल दास, महात्मा बाबूदास जी एवं प्रबंधक संत कुलदीप दास सूर्यवंशी जी ने दी।
