
*संत-महात्माओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन, सनातन धर्म और संस्कृति के संरक्षण में उनके योगदान को किया याद
*गुरु परंपरा का सम्मान करना और गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि: म.म. विष्णुदास महाराज
हरि न्यूज
हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार की प्रख्यात धार्मिक संस्था उछाली आश्रम में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के पावन अवसर पर ब्रह्मलीन दादा गुरु बाबा ईश्वर दास जी महाराज की पुण्यतिथि श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी विष्णुदास महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर ब्रह्मलीन संत को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान संत समाज ने उनके आध्यात्मिक जीवन, धार्मिक विचारों और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में दिए गए योगदान का स्मरण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामानंदाचार्य जगद्गुरु स्वामी अयोध्याचार्य महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन बाबा ईश्वर दास महाराज का संपूर्ण जीवन सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित रहा। उन्होंने जीवन पर्यंत धर्म जागरण के माध्यम से समाज को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का कार्य किया। उनका उद्देश्य लोगों को धर्म, संस्कार, सेवा और भक्ति के मार्ग पर प्रेरित करना था। उनके द्वारा समाज को दिए गए आध्यात्मिक संदेश आज भी प्रासंगिक हैं। ऐसे संत महापुरुषों का जीवन समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहता है।
उछाली आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी विष्णुदास महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन दादा गुरु बाबा ईश्वर दास महाराज ने अपने जीवन में धर्म, अध्यात्म और मानव सेवा को विशेष महत्व दिया। उनके द्वारा स्थापित धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रकल्पों को निरंतर आगे बढ़ाते हुए समाज में गौ, गंगा, गीता और रामभक्ति की अलख जगाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुरु परंपरा का सम्मान करना और गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। आश्रम का प्रयास है कि ब्रह्मलीन दादा गुरु के विचारों और सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाए, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ी रहें।
इस अवसर पर संत-महात्माओं ने ब्रह्मलीन बाबा ईश्वर दास महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। संत समाज ने उनके त्याग, तपस्या, साधना और धर्म के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने संत परंपरा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
महामंडलेश्वर स्वामी रामानुज सरस्वती महाराज ने कहा कि संतो का जीवन देश धर्म को समर्पित होता है ब्रह्मलीन बाबा ईश्वर दास महाराज ने जीवन पर्यंत समाज को ईश्वर भक्ति की ओर अग्रसर किया।
महामंडलेश्वर स्वामी श्यामसुन्दर दास महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन बाबा ईश्वर दास महाराज ने सनातन संस्कृति को संरक्षित संवर्धित करने का काम किया।
इस अवसर पर बाबा हठयोगी, महामंडलेश्वर रामानुज सरस्वती, महामंडलेश्वर दुर्गादास, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, शास्त्री,महामंडलेश्वर स्वामी श्याम सुंदरदास, महामंडलेश्वर जमुनादास महाराज, महामंडलेश्वर अनंतानंद महाराज, महंत अरुण दास, महंत गोविंद दास, महंत नित्यानंद, महंत प्रमोद दास, धर्मदास कोतवाल, कमलमुनि कोतवाल, महंत ज्ञानानंद, महंत प्रेमदास,सूरजदास, स्वामी रामानंद महंत साध्वी रंजना देवी एवं विजयानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे। सभी ने ब्रह्मलीन दादा गुरु बाबा ईश्वर दास महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आध्यात्मिक योगदान को स्मरण किया।



