
*सनातन धर्म की परंपराएं भारत की पहचान:श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज
*कुंडा में आयोजित रामकथा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सनातन धर्म की एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा का दिया संदेश
हरि न्यूज
हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के संयोजन में आयोजित भव्य रामकथा में धर्मनगरी हरिद्वार के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने शिरकत कर श्रद्धालुओं को सनातन धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की सुरक्षा का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यदि हम सनातन धर्म और संस्कृति को सुरक्षित रखना चाहते हैं तो सबसे पहले हिंदुस्तान को सुरक्षित रखना होगा। राष्ट्र की सुरक्षा, सांस्कृतिक अस्मिता और सनातन परंपराओं का संरक्षण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।

महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि सनातन धर्म केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत की प्राचीन सभ्यता, संस्कार, परंपरा और जीवन मूल्यों का आधार है। सनातन संस्कृति ने सदैव विश्व को शांति, सद्भाव, सहिष्णुता और मानव कल्याण का मार्ग दिखाया है। इसकी रक्षा करना प्रत्येक सनातनी का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि जो लोग सनातन धर्म और संस्कृति का विरोध करते रहे हैं, उन्हें कुंडा आकर देखना चाहिए कि सनातन समाज अब जागरूक हो चुका है। सनातन धर्म के रक्षक धर्मध्वजा हाथों में लेकर अपनी सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के लिए एकजुट होकर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सनातन समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। समाज को आपसी मतभेद भुलाकर धर्म, संस्कृति और राष्ट्रहित के विषयों पर संगठित होना होगा।
स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, त्याग, कर्तव्य, आदर्श शासन और राष्ट्रधर्म की प्रेरणा देता है। रामकथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कारवान बनाने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज में सद्भाव, सेवा और नैतिक मूल्यों को मजबूत किया जा सकता है।

इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने भी सनातन धर्म की एकता, संत समाज की भूमिका और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि संत समाज सदैव समाज को सही दिशा दिखाने और सनातन संस्कृति की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करता रहा है। रामकथा जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ ही युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की परंपराएं भारत की पहचान हैं। इन परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए संतों, धर्माचार्यों और समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
कुंडा में आयोजित रामकथा के माध्यम से संतों ने श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। आयोजन में संत-महात्माओं की उपस्थिति और रामकथा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के संस्थापक योग गुरु बाबा रामदेव,दिव्य प्रेम मिशन के संस्थापक अध्यक्ष आशीष गौतम भैय्या ,हनुमान गढ़ी अयोध्या के महंत राजूदास महाराज एवं भव्य राम कथा के संयोजक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने भी सनातन धर्म संस्कृति को संरक्षित संवर्धित करने के विचार रखे।



