
*किसान मोर्चा को मजबूत करने और संगठन के विस्तार में निभाएंगे अहम भूमिका:अनुज राठी
हरि न्यूज
नजीबाबाद। भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी का प्रदेश एवं जिला नेतृत्व संगठन को बूथ स्तर से लेकर मंडल स्तर तक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंप रहा है। इसी क्रम में मंडावली क्षेत्र के किसान नेता नौबहार सिंह को भाजपा किसान मोर्चा के नांगल मंडल अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है।
नौबहार सिंह को यह जिम्मेदारी जिला एवं प्रदेश नेतृत्व की ओर से सौंपी गई है। उनके मनोनयन की सूचना मिलते ही समर्थकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में किसान मोर्चा संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगा तथा किसानों के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ेगी।
नौबहार सिंह लंबे समय से किसान क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। ऐसे में उनके अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण का लाभ पार्टी को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे नांगल मंडल में किसान मोर्चा की सक्रियता बढ़ाने, किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने की दिशा में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।
इस अवसर पर भाजपा युवा नेता अनुज राठी ने नौबहार सिंह को किसान मोर्चा नांगल मंडल अध्यक्ष बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नौबहार सिंह के कुशल नेतृत्व, अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण से किसान मोर्चा नई ऊंचाइयों को छुएगा। उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और भाजपा का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नौबहार सिंह पार्टी नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए किसानों के हितों के लिए सक्रियता से कार्य करेंगे और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करेंगे।



