
*आश्रम प्रबंधन ने स्वयं हटवाया अवैध निर्माण,साढ़े तीन बीघा भूमि को कब्जामुक्त कराने के बाद की गई कार्रवाई
हरि न्यूज
हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के आदेश के अनुपालन में चर्चित अमेरिकन आश्रम (स्वामी देवानंद भारत भक्ति योग आश्रम) परिसर में किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की गई। आश्रम परिसर में निर्मित अवैध दुकानों और कैंटीन को आश्रम की प्रबंधक श्रीमती परमजीत कौर ने स्वयं ध्वस्त करवा दिया है। इस कार्रवाई को आश्रम की संपत्ति को अतिक्रमण और अवैध कब्जे से मुक्त कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमेरिकन आश्रम की लगभग साढ़े तीन बीघा भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद और कब्जे के प्रयासों की शिकायतें सामने आ रही थीं। आश्रम प्रबंधन का आरोप है कि कुछ भगवाधारी व्यक्तियों की कथित मिलीभगत से एक भूमाफिया ने आश्रम की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया। आरोप है कि आश्रम में सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर एक व्यक्ति को रखा गया और बाद में उसी के माध्यम से आश्रम परिसर में कैंटीन एवं दुकानों का निर्माण कराया गया, जिससे आश्रम की संपत्ति पर अवैध कब्जे की स्थिति पैदा हो सके।
सूत्रों के अनुसार आश्रम प्रबंधन की ओर से यह भी आरोप लगाया गया है कि सुरक्षा के नाम पर एक आरएसएस कार्यकर्ता को भी आश्रम परिसर में निवास कराया गया था। प्रबंधन का दावा है कि आश्रम की भूमि पर कब्जे की कोशिशें लगातार जारी थीं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों का जवाब सामने आना बाकी है।
बताया गया कि आश्रम की कार्यधर्ता एस्टर फ्राइड के दिशा-निर्देशों पर आश्रम की लगभग साढ़े तीन बीघा भूमि को कब्जामुक्त कराने की पहल की गई। इसके बाद आश्रम परिसर में किए गए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। इसी क्रम में अशोक सोलंकी द्वारा निर्मित बताई जा रही दुकानों और कैंटीन को आश्रम की प्रबंधक परमजीत कौर ने स्वयं ध्वस्त करवा दिया।
आश्रम प्रबंधन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया गया है कि धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं की संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अनधिकृत कब्जा या निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। आश्रम प्रबंधन का कहना है कि संस्था की भूमि और संपत्ति की सुरक्षा के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को आश्रम की संपत्ति को सुरक्षित रखने और अवैध निर्माण हटाने की दिशा में अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आश्रम की शेष भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को रोकने के लिए प्रबंधन और संबंधित विभाग क्या कदम उठाते हैं।



