
हरि न्यूज
नजीबाबाद। सैन समाज की बिखरी हुई ताकत को एकजुट करने और समाज की सामाजिक एवं राजनीतिक आवाज को मजबूत करने की दिशा में सामाजिक कार्यकर्ता रितेश सैन ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कहा कि जनपद बिजनौर में सैन समाज का एक सशक्त जिला संगठन और एक प्रभावी जिला नेतृत्व होना चाहिए, ताकि समाज के लोगों की समस्याओं और अधिकारों की आवाज मजबूती से उठाई जा सके।
रितेश सैन ने समाज के विभिन्न संगठनों, पदाधिकारियों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि अलग-अलग संगठन और अलग-अलग नेतृत्व खड़े करने के बजाय सभी को एक मंच पर आकर समाज की सामूहिक शक्ति बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब समाज संगठित होगा, तभी उसकी सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक भागीदारी भी मजबूत होगी।
आज कोई भी राजनीतिक पार्टी जिला बिजनौर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सैन समाज को गंभीरता से नहीं ले रही है नहीं राजनीतिक भागीदारी के लिए सैन समाज को कोई उचित स्थान मिल रहा है इसका कारण हमारा आपसी मनमुटाव और अपनी शक्ति का बिखराव है या नहीं मैं आप सबसे पूछना चाहता हूं निश्चित रूप से जिस दिन हम संगठित हो गए तो कोई भी राजनीतिक पार्टी हमें भागीदारी देने से पीछे नहीं रहेगी हम चाहे किसी भी पार्टी में काम करें लेकिन जब समाज के संगठन और संगठित होने की बात आती है तो हम सबको एक मंच पर आ जाना चाहिए और अपनी शक्ति का एहसास करना चाहिए
उन्होंने कहा कि जिला संगठन का गठन लोकतांत्रिक एवं पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। समाज के वरिष्ठजनों, बुद्धिजीवियों, युवाओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय लोगों से विचार-विमर्श कर सर्वसम्मति से नेतृत्व का चयन किया जाए। यदि सर्वसम्मति न बन पाए तो लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव के माध्यम से पदाधिकारियों का चयन किया जा सकता है।
रितेश सैन ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संगठन का विरोध करना नहीं, बल्कि सैन समाज को एक मजबूत और संगठित मंच पर लाना है। समाज की आवाज तभी प्रभावी होगी, जब सभी लोग आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर आगे बढ़ेंगे।
उन्होंने समाज के युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे शिक्षा, रोजगार, सामाजिक जागरूकता और राजनीतिक भागीदारी के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही समाज के कार्यक्रमों और सम्मेलनों में अनावश्यक चंदा संग्रह एवं व्यक्तिगत प्रचार से बचते हुए पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जाए।
अंत में रितेश सैन ने कहा कि सैन समाज की शक्ति उसके लोगों की संख्या में ही नहीं, बल्कि उसकी एकता, संगठन और सामूहिक सोच में है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने और सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। सैन समाज की बैठक में अशोक कुमार, ओमकार सिंह कुलदीप कुमार मुकेश कुमार ललित कुमार रमेश सिंह धूमसिंह रितेश सैन प्रमोद कुमार विकास कुमार बंटी डॉक्टर सुरेंद्र सुरेश सिंह विपिन कुमार बुलबुल बबलू सेन नरेंद्र कुमार कपिल ठाकुर प्रमोद ठाकुर मास्टर बलवंत सिंह सतीश कुमार आदि ने अपने विचार रखें।
