
सनातन संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च, उनके आदर्शों पर चलना ही सच्ची साधना: प्रदीप बत्रा
गुरु के संस्कारों से ही राष्ट्र और समाज का सशक्त निर्माण संभव:पदम सिंह
हरि न्यूज
हरिद्वार। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के समीप स्थित श्री मनसा देवी चरण पादुका मंदिर परिसर में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज के चरण पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से आरती कर गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की।

इस अवसर पर श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। गुरु ही मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान और सत्य के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि अपने गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता प्रकट करने का पावन अवसर है। गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति अपने जीवन को सफल और सार्थक बना सकता है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सनातन संस्कृति में गुरु का महत्व भगवान से भी बढ़कर माना गया है। गुरु ही समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरुजनों का सम्मान और उनके आदर्शों का पालन प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है तथा गुरु पूर्णिमा का पर्व हमें इसी संदेश की प्रेरणा देता है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख पदम सिंह ने कहा कि गुरु भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। गुरु के मार्गदर्शन से ही राष्ट्र और समाज का सशक्त निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि जीवन में गुरु के आदर्शों को अपनाकर ही व्यक्ति अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में भाग लिया तथा गुरु के चरणों में पुष्प अर्पित कर सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। आयोजन में संत-महात्माओं और जनप्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर ललितानंद गिरि, आदियोगी पुरी, महंत रवि पुरी, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, आरएसएस क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख पदम सिंह, दर्जाधारी राज्य मंत्री नितिन गौतम, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा,श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला महामंत्री संजीव चौधरी, हीरा बिष्ट, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान, जिला उपाध्यक्ष भोला शर्मा, जेल अधीक्षक मनोज आर्या, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, डीएसपी भावना कैंथोला, एसएमजेएन पीजी कॉलेज और रामानंद इंस्टीट्यूट के शिक्षक ओर छात्र छात्राएं सहित बड़ी संख्या में संत, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
