
सेवा,अनुशासन और संगठन की एकता ही सबसे बड़ी ताकत : श्रीमहंत केदार पुरी
हरि न्यूज
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार स्थित शांतिकुंज फ्लाईओवर के नीचे ऑटो विक्रम मालिक एवं चालक कल्याण समिति का रजत जयंती समारोह रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ऑटो मालिक, चालक और गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के श्रीमहंत केदार पुरी महाराज ने की तथा संचालन दीपक उप्रेती ने किया। समिति के अध्यक्ष हरीश अरोड़ा और महामंत्री कैलाश सुंदरियाल ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

अध्यक्षता कर रहे श्री महंत केदार पुरी महाराज ने कहा कि ऑटो चालक समाज की सेवा में दिन-रात जुटे रहते हैं। संगठन की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि सेवा, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना से कार्य करने वाले संगठन हमेशा समाज में सम्मान प्राप्त करते हैं और जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि दर्जाधारी मंत्री डॉ जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि ऑटो चालक शहर की परिवहन व्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने समिति की 25 वर्षों की सफल यात्रा पर सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकता है। उन्होंने सेवा और सामाजिक दायित्वों को प्राथमिकता देने का भी आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि श्री गंगासभा अध्यक्ष एवं दर्जाधारी मंत्री नितिन गौतम, एवं पार्षद सूर्यकांत शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि ऑटो चालक शहर की जीवनरेखा हैं। यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने समिति के 25 वर्ष पूरे होने पर पदाधिकारियों और सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की एकता बनाए रखने तथा समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
राज्य आंदोलनकारी एवं समिति के संरक्षक राजीव भट्ट तथा दीपक उप्रेती ने संयुक्त रूप से कहा कि ऑटो विक्रम मालिक एवं चालक कल्याण समिति ने पिछले 25 वर्षों में चालकों के हितों की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संगठन को पूरी मजबूती के साथ चालक हितों, सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
समिति के अध्यक्ष हरीश अरोड़ा ने कहा कि 25 वर्षों का यह सफर सभी सदस्यों की मेहनत, विश्वास और एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि समिति आगे भी ऑटो चालकों के हितों, उनके सम्मान और सामाजिक सरोकारों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
समारोह में डॉ. जयपाल सिंह चौहान, नितिन गौतम, ऑटो विक्रम यूनियन महासंघ अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा,व्यापारी नेता विनोद मिश्रा,राज्य आंदोलनकारी एवं संरक्षक राजीव भट्ट, दीपक उप्रेती,सोनू शर्मा, पार्षद सूर्यकांत शर्मा,महंत भीमसेन,पूर्व पार्षद अनिल मिश्रा,विनीत जौली, महानगर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुनील सेठी,सचिव नरेंद्र सिंह रावत, कोषाध्यक्ष मुकेश रावत, यूनियन सलाहकार सुन्नी अरोड़ा, राजेंद्र सिंह सहित समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
