
*शासन ने आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के माध्यम से किया नामांकन, समर्थकों ने गर्मजोशी से किया स्वागत, बधाई देने वालों का लगा तांता
हरि न्यूज
हरिद्वार। हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) में राजीव भट्ट और डॉ. विशाल गर्ग को सदस्य नामित किए जाने से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में खुशी का माहौल है। उत्तराखंड शासन के आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग की ओर से दोनों को सदस्य नामित किए जाने की सूचना मिलते ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत कर फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। वहीं, एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।

राजीव भट्ट और डॉ. विशाल गर्ग के सदस्य नामित होने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है। समर्थकों ने इसे उनके प्रति विश्वास और कार्यकर्ताओं के सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
इस अवसर पर नवनियुक्त सदस्यों राजीव भट्ट और डॉ. विशाल गर्ग ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताते हुए जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। हरिद्वार के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि दोनों के अनुभव और सक्रियता का लाभ हरिद्वार के विकास कार्यों को मिलेगा। एचआरडीए में उनकी सहभागिता से क्षेत्र की विकास योजनाओं, नागरिक सुविधाओं और शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में सकारात्मक योगदान मिलने की उम्मीद है।
नामांकन की खबर सामने आने के बाद से ही समर्थकों और शुभचिंतकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लोगों ने दोनों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।



