
*गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौवंश और सनातन संस्कृति के संरक्षण का देती है संदेश: श्रीमहंत दुर्गादास महाराज
*गोवर्धन महाराज की पूजा से जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली का होता है आगमन: बाबा हठयोगी
हरि न्यूज
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार की प्रख्यात धार्मिक संस्था श्री माता वैष्णव शक्ति धाम में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। संस्था के परमाध्यक्ष श्रीमहंत दुर्गादास महाराज के सानिध्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में अनेक संत-महंतों एवं महामंडलेश्वरों ने विधि-विधान के साथ गोवर्धन महाराज का पूजन किया। इस दौरान सभी ने देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए सनातन धर्म की परंपराओं के संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर श्री माता वैष्णव शक्ति धाम के परमाध्यक्ष श्रीमहंत दुर्गादास महाराज ने कहा कि गोवर्धन पूजा सनातन धर्म का महत्वपूर्ण पर्व है, जो हमें प्रकृति, पर्यावरण, गौवंश और धरती के प्रति सम्मान एवं संरक्षण का संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा का महत्व बताकर समाज को प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव रखने की प्रेरणा दी थी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता और प्रकृति को विशेष स्थान दिया गया है। गोवर्धन पूजा के माध्यम से हमें अपनी धार्मिक परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने तथा सामाजिक एकता और सद्भाव को मजबूत करने का संदेश मिलता है।

बाबा हठयोगी ने कहा कि गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना करने से मनुष्य के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना पूर्ण होती है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनकी भक्तवत्सलता का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के प्रत्येक पर्व और त्योहार के पीछे आध्यात्मिक के साथ-साथ सामाजिक एवं प्राकृतिक संरक्षण का भी महत्वपूर्ण संदेश छिपा हुआ है। सभी को अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति श्रद्धा रखते हुए धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि संत समाज सदैव धर्म, संस्कृति और मानव कल्याण के लिए कार्य करता रहा है। ऐसे पर्व समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और धार्मिक एकता को बढ़ावा देते हैं। देश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण के लिए संतों ने प्रार्थना की।
इस अवसर पर महंत सूरजदास, नारायण दास पटवारी,महंत योगेंद्रानंद शास्त्री, महंत प्रहलाद दास,महंत ऋषिशेश्वरानंद,राजकुमार दास,महंत मुकेशानंद,एडवोकेट अतुल विश्नोई सहित अनेक संत-महंत उपस्थित रहे। सभी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर देश और समाज के कल्याण की मंगलकामना की।



