
*पौधरोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प:राजीव चौहान
हरि न्यूज
नांगल सोती (बिजनौर)। केंद्र सरकार द्वारा संचालित एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़, मां के नाम” अभियान के अंतर्गत स्थानीय राजा भरत सिंह इंटर कॉलेज, नांगल सोती में वर्ष 2026 के वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत विद्यालय में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों के सहयोग से 100 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव चौहान ने बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग को राज्य सरकार की ओर से वृक्षारोपण अभियान के तहत 11 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसी क्रम में विद्यालय में इको क्लब, स्काउट्स, एनसीसी एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी से व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जाएगा।
प्रधानाचार्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। पौधरोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

विद्यालय के वृक्षारोपण एवं स्काउट प्रभारी संजय कुमार सिंह ने भी अभियान में सभी के सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्काउट छात्र विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि वृक्षों का संरक्षण ही स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण की आधारशिला है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजीव चौहान, संजय कुमार सिंह, राजपाल सिंह, अमित शर्मा, कुलदीप कुमार, नरेंद्र कुमार सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
