
हरि न्यूज
हरिद्वार। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने रविवार को हरिद्वार स्थित दक्षिण काली मंदिर पहुंचकर निरंजनी अखाड़ा के पीठाधीश्वर, अनन्त श्री विभूषित श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
भेंट के दौरान राष्ट्रहित, धर्मरक्षा, सनातन संस्कृति के संरक्षण, गौसंवर्धन, सामाजिक समरसता तथा हिंदू समाज के संगठन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद द्वारा देश और विश्वभर में हिंदू समाज को संगठित करने, धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण, सेवा कार्यों के विस्तार, मंदिरों एवं तीर्थस्थलों की सुरक्षा तथा राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे कार्यों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने कहा कि राष्ट्र की उन्नति और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए समाज का संगठित, जागरूक और संस्कारित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद द्वारा धर्म जागरण, हिंदू समाज के उत्थान और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
दक्षिण काली मंदिर में संपन्न यह शिष्टाचार भेंट संत शक्ति और संगठन शक्ति के समन्वय का प्रेरणादायी अवसर रही। इस दौरान राष्ट्रहित, सनातन संस्कृति के संरक्षण और हिंदू समाज की एकता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया गया।
