
*महंत बिहारी शरण के सानिध्य में हुआ संकीर्तन, भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना
हरि न्यूज
हरिद्वार। पुराना रानीपुर मोड़ स्थित श्री कृष्ण आश्रम में गोवर्धन महापर्व बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आश्रम परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण को विधि-विधान के साथ छप्पन भोग अर्पित किए गए। इसके पश्चात आयोजित संकीर्तन में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के भजनों का गुणगान कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम आश्रम के महंत श्री बिहारी शरण के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर महंत बिहारी शरण ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गोवर्धन महापर्व हमें प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को धारण कर समस्त ब्रजवासियों की रक्षा की थी। यह पर्व हमें भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा, सामूहिक एकता, सेवा और परोपकार की भावना को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में प्रत्येक पर्व का अपना विशेष महत्व है और ऐसे धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को गोवर्धन महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण से देश और प्रदेश में सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर आश्रम के व्यवस्थापक अंकित शरण, श्रवण शंखधार, गौतम मिश्रा, नमन मिश्रा, कृष्णा पाराशर, श्रीयांश शंखधार एवं दिव्यानी शंखधार ने संयुक्त रूप से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर छप्पन भोग अर्पित किया। कार्यक्रम में श्रद्धा और उत्साह के साथ श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अंत में भगवान की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।



