
हरि न्यूज
नजीबाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व न्यायाधीश रामौतार सिंह को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उनके आवास पर एक भव्य बधाई एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सम्मान कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर नवनियुक्त राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष रामौतार सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता रहेगी कि पिछड़े वर्ग के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए और उनके अधिकारों की रक्षा करते हुए उन्हें शासन की योजनाओं का पूरा लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि वे अपने अनुभव और जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करेंगे।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लीना सिंघल ने कहा कि रामौतार सिंह का लंबे समय का न्यायिक अनुभव और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें इस महत्वपूर्ण पद के लिए उपयुक्त बनाती है। उनके नेतृत्व में आयोग निश्चित रूप से पिछड़े वर्ग के हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा करेगा।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख तपराज चौधरी, गायत्री निराला, कोमल सिंह, वी.पी. सिंह, कपिल चौधरी, राजन गोल्डी, ईसम सिंह, अरविंद शर्मा, रणवीर निराला, शिव कुमार जोशी, बिंदु सर्राफ और बलवंत सिंह पवार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने रामौतार सिंह को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
