
*सत्येन्द्र गोयल सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए मानव सेवा का संदेश दिया
हरि न्यूज
नांगल सोती। क्षेत्र के सत्येन्द्र गोयल सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए मानव सेवा का संदेश दिया। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में कुल 30 रक्तवीरों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई। शिविर का आयोजन सामाजिक सहयोग और जनकल्याण की भावना के साथ किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. भूपेंद्र सिंह तथा विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य रामपाल सिंह भाटी ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. भूपेंद्र सिंह ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए दुर्घटनाओं, ऑपरेशन तथा गंभीर बीमारियों के दौरान मरीजों की जान बचाने के लिए रक्तदान अत्यंत आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए।
डॉ. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि नियमित रूप से रक्तदान करने से शरीर में आयरन की अतिरिक्त मात्रा नियंत्रित रहती है, जिससे हृदय स्वस्थ रहता है और कई बीमारियों का खतरा कम हो जाता है। उन्होंने कहा कि कई बार मरीजों के शरीर में खून की मात्रा अत्यधिक कम हो जाती है और तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसी आपातकालीन परिस्थितियों में स्वैच्छिक रक्तदाता ही मरीजों के लिए जीवनदाता साबित होते हैं। उन्होंने युवाओं से आगे आकर रक्तदान करने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य रामपाल सिंह भाटी ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं बल्कि सामाजिक चेतना और मानव सेवा के संस्कार देने का माध्यम भी हैं। उन्होंने रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले सभी युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है।

रक्तदान शिविर में हरीश कुमार, भाजपा नेता ओमकार आजाद, प्रवेश राजपूत, कपिल राजपूत, टीकम सिंह, रंजीत राजपूत, शिवा, मोहित, ओमपाल सिंह, हिमांशु, अवनीत कुमार, देशराज चौधरी, संदीप चौधरी सहित अनेक युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर के दौरान स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदाताओं की आवश्यक चिकित्सीय प्रक्रिया भी पूरी सावधानी के साथ संपन्न कराई गई।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. भूपेंद्र सिंह ने रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाली एस. के. लैबोरेटरी एंड ब्लड सेन्टर की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं और युवाओं के सहयोग से इस प्रकार के आयोजन लगातार होते रहने चाहिए ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा
