
हरि न्यूज/प्रमोद गिरि
नजीबाबाद। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर नजीबाबाद विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भाजपा, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी से जुड़े संभावित उम्मीदवारों ने अपने-अपने स्तर पर जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियां शुरू कर दी हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य संगीता जैन अग्रवाल की नजीबाबाद क्षेत्र में बढ़ती सक्रियता ने राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है। क्षेत्र में उनकी लगातार दस्तक से कई संभावित दावेदारों में बेचैनी और हलचल देखी जा रही है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संगीता जैन अग्रवाल जिस प्रकार लगातार क्षेत्र में सामाजिक और जनसंपर्क कार्यक्रमों में भागीदारी कर रही हैं, उससे यह संकेत मिल रहा है कि वह भविष्य में नजीबाबाद विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उनकी सक्रियता को भाजपा संगठन में भी गंभीरता से देखा जा रहा है।

बताया जाता है कि संगीता जैन अग्रवाल बिजनौर के जनसंघ के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी स्वर्गीय सुरेंद्र कुमार के बड़े पुत्र एवं प्रसिद्ध व्यापारी समाजसेवी विनय अग्रवाल की पत्नी हैं। विनय अग्रवाल लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उनका ननिहाल नांगल सोती के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं समाजसेवी परिवार शांतिस्वरूप अग्रवाल के परिवार से जुड़ा हुआ है। वर्तमान में नांगल सोती क्षेत्र मेंअखिलेश अग्रवाल, नवीन अग्रवाल और कुलदीप अग्रवाल भी समाजसेवा की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
संगीता जैन अग्रवाल को समाजसेवा की विरासत परिवार से मिली है। इसी पृष्ठभूमि ने उन्हें भाजपा की सक्रिय राजनीति में मजबूत पहचान दिलाने का काम किया। उन्होंने संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अपनी कार्यशैली और जनसेवा के बल पर अलग पहचान बनाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद से उन्हें उत्तर प्रदेश महिला आयोग में सदस्य के रूप में जिम्मेदारी मिली, जहां वह महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार कार्य कर रही हैं।
नजीबाबाद क्षेत्र में उनकी बढ़ती सक्रियता को आगामी चुनावी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है और राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

