
*उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो चैंपियनशिप में नजीबाबाद ताइक्वांडो ट्रेनिंग अकादमी का शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते कई पदक
*कोच रिंकू वर्मा का परिश्रम बच्चों की प्रतिभा को विश्व पटल पर पहुंचने के लिए लालायित
नजीबाबाद। उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो चैंपियनशिप में नजीबाबाद ताइक्वांडो ट्रेनिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर जनपद बिजनौर और नजीबाबाद का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
प्रतियोगिता में अद्विक कुमार, यशस्वी, विराट चौधरी, वैष्णवी सैन, अवंतिका, लक्ष्मी, जिया, तनु रानी, पूजा एवं अनमोल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं नीलम एवं दीपिका ने रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा मननदीप, शौर्य सागर, हिमांशी एवं निशांत तोमर ने कांस्य पदक जीतकर अकादमी का गौरव बढ़ाया।
अकादमी के मुख्य कोच रिंकू वर्मा ने बताया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से लगभग 2500 ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। नजीबाबाद ताइक्वांडो ट्रेनिंग अकादमी की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खिलाड़ियों ने अनेक पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। उन्होंने बताया कि नगीना क्षेत्र के हीरा वाले गांव स्थित कस्तूरबा आवासीय विद्यालय के 7 खिलाड़ियों ने भी जनपद बिजनौर की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता से लौटने पर सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का नजीबाबाद में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर अकादमी के अध्यक्ष अधिराज राठी, उपाध्यक्ष मीनाक्षी चौधरी, कोच बृजेश कुमार, विक्रम सिंह, निशांत सिंह, वीरेंद्र कुमार, नितिन वर्मा एवं चारु संगम सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा सोशल मीडिया पिछड़ा मोर्चा, जिला प्रमुख बिजनौर रितेश सैन ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों तथा मुख्य कोच रिंकू वर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों एवं अभिभावकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
