
हरि न्यूज
नांगल सोती। नांगल सोती क्षेत्र के निकट हरचंदपुर गांव में बिजली विभाग ने बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ सघन विद्युत चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिजली बिल का लंबे समय से भुगतान नहीं करने वाले 20 से अधिक उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए। विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से बकायादार उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया।

अधीक्षण अभियंता रामकुमार शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान गांव के विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर विद्युत कनेक्शनों और बकाया बिलों की जांच की गई। इस दौरान छोटे-बड़े बकायादारों को चिह्नित कर विभागीय कार्रवाई की गई। करीब 20 से अधिक ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए, जिन्होंने बार-बार सूचना एवं आग्रह के बावजूद अपने विद्युत बिलों का भुगतान नहीं किया था।
अधीक्षण अभियंता रामकुमार शर्मा एवं जूनियर इंजीनियर उत्तम सिंह ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने विद्युत बिलों का समय से भुगतान करें और अनावश्यक रूप से बकाया न बढ़ने दें। उन्होंने कहा कि समय पर बिजली बिल जमा करना उपभोक्ताओं की जिम्मेदारी है। बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद जो उपभोक्ता बकाया बिल जमा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ विभाग को नियमानुसार कार्रवाई करनी पड़ेगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा राजस्व वसूली में सुधार के लिए इस प्रकार के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने बकायादार उपभोक्ताओं से किसी भी अप्रिय कार्रवाई से बचने के लिए जल्द से जल्द अपना बकाया विद्युत बिल जमा करने को कहा।
चेकिंग अभियान में लाइनमैन ओमवीर सिंह, जसराम सिंह, श्यामवीर सिंह, पुष्पेंद्र धीमान, तरुण कुमार, देव कुमार समेत बिजली विभाग के कई कर्मचारी मौजूद रहे।
