
*पॉली क्लीनिक क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवा का भरोसेमंद केंद्र बनेगा:डा. कमल नयन गंभीर
हरि न्यूज
नांगल सोती। क्षेत्रवासियों को बेहतर, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। हरिद्वार के प्रसिद्ध चिकित्सक डा. कमल नयन गंभीर ने नांगल सोती में नवस्थापित प्रीति मैमोरियल पॉली क्लीनिक का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, चिकित्सक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
प्रीति मैमोरियल पॉली क्लीनिक की स्थापना स्थानीय वरिष्ठ चिकित्सक डा. वीरेश चौधरी के सुपुत्र डा. प्रशांत कुमार द्वारा की गई है। क्लीनिक के शुभारंभ से नांगल सोती एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उन्हें छोटे-छोटे उपचार के लिए दूरदराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि डा. कमल नयन गंभीर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि योग्य चिकित्सक गांव और कस्बों में रहकर सेवाएं देंगे तो मरीजों को समय पर उपचार मिलेगा और अनावश्यक परेशानियों से भी राहत मिलेगी। उन्होंने डा. प्रशांत कुमार को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि यह पॉली क्लीनिक क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवा का भरोसेमंद केंद्र बनेगा।
वरिष्ठ चिकित्सक डा. वीरेश चौधरी ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार वर्षों से लोगों की सेवा करता आया है और अब नई पीढ़ी भी उसी भावना के साथ चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि डा. प्रशांत मरीजों को समर्पित भाव से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगे।
डा. प्रशांत कुमार ने कहा कि प्रीति मैमोरियल पॉली क्लीनिक का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को सस्ती, सुलभ और उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि क्लीनिक में मरीजों के बेहतर उपचार के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि लोगों को समय पर उचित परामर्श एवं इलाज मिल सके। उनका प्रयास रहेगा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
उद्घाटन समारोह के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। उपस्थित लोगों ने क्लीनिक की स्थापना को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए डा. प्रशांत कुमार को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर नरेश कुमार, जितेंद्र कुमार, रवि, आशु, प्रियांशु, रुद्राक्ष, ईशम सिंह, अरविंद धीमान, चौ. सूरतपाल सिंह बल्ली, पूर्व एमडी राजपाल सिंह, डा. जयपाल सिंह सुमन, चौ. वीरपाल सिंह, सुधीर चौधरी, नवीन अग्रवाल, कुलदीप अग्रवाल, वीरेन्द्र शर्मा, गगन कर्णवाल, जाहिद मलिक, नीटू सिंह, सुरेशचंद राजपूत, मा. पुष्पेन्द्र राजपूत, राकेश गोयल सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने नवस्थापित प्रीति मैमोरियल पॉली क्लीनिक की सफलता की कामना करते हुए इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
