
हरि न्यूज
हरिद्वार। थाना सिडकुल पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी का एक साथी पहले ही वाहन चोरी के एक अन्य मामले में जेल भेजा जा चुका है, जबकि गिरफ्तार आरोपी की तलाश की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 को नवोदय नगर, सिडकुल निवासी मनोज चौधरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल चोरी होने पर थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 275/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अगले दिन 7 जुलाई को सुजीत कुमार राय की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल फैक्ट्री के बाहर से चोरी हो गई, जिस पर मुकदमा अपराध संख्या 277/26 धारा 303(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया।
वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम मंगलवार को टैप इंडिया कंपनी तिराहे पर सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान राजा बिस्कुट चौक की ओर से तेज गति से आ रहा एक बाइक सवार पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगा, लेकिन बाइक फिसलने से वह गिर गया। पुलिस ने तत्काल उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान रजत उर्फ कार्तिक पुत्र अनिल भारद्वाज, निवासी ग्राम निधौली खुर्द, जिला एटा (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी रोशनाबाद, हरिद्वार के रूप में हुई। जांच में पता चला कि उसके कब्जे से बरामद सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल थाना सिडकुल में दर्ज मुकदमा संख्या 277/26 से संबंधित है।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी सहवाज के साथ मिलकर सिडकुल और रानीपुर क्षेत्र से कई मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। पुलिस के अनुसार सहवाज को पूर्व में मुकदमा संख्या 270/26 में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों में छिपाई गई दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। इनमें एक स्प्लेंडर प्लस थाना सिडकुल के मुकदमा संख्या 275/26 तथा दूसरी स्प्लेंडर प्लस कोतवाली रानीपुर के मुकदमा संख्या 240/26 से संबंधित पाई गई।
बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा, हेड कांस्टेबल संजय तोमर तथा कांस्टेबल सुनील कुमार की टीम ने अंजाम दिया।
