
हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई:980 ग्राम हेरोइन के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार
हरि न्यूज
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 980 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ पंजाब निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को चेकिंग अभियान के दौरान लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे संदिग्ध व्यक्ति पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में पन्नी में रखी 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (38 वर्ष) पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली गंगनहर में मुकदमा संख्या 249/2026, धारा 8/21/60 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब से हेरोइन खरीदकर रुड़की में बेचने के उद्देश्य से लाया था। पुलिस अब हेरोइन की सप्लाई चेन तथा इसे खरीदने-बेचने वाले अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
गुरविन्दर सिंह पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब), उम्र 38 वर्ष।
बरामदगी:
980 ग्राम अवैध हेरोइन।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार (प्रभारी चौकी पुरानी तहसील), हेड कांस्टेबल यूनुस बेग, हेड कांस्टेबल अशोक तिवारी, कांस्टेबल देवेश सिंह एवं कांस्टेबल नितिन कुमार।
