
हरि न्यूज
हरिद्वार। जूस कंट्री में नव निर्मित श्री दिगंबर जैन मंदिर में भगवान आदिनाथ जी का पंचकल्याण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विश्व शांति कार्यक्रम 20 मार्च से 26 मार्च तक अति भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में देशभर से हजारों श्रद्धालु भाग लेंगे और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेंगे।
महामंत्री अमित जैन ने बताया कि यह महोत्सव 108 श्री उपाध्याय डॉक्टर गुप्तीसागर जी महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा। पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में भगवान आदिनाथ के गर्भ, जन्म, तप, ज्ञान और मोक्ष कल्याण की पावन क्रियाओं का दिव्य प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान मंदिर प्रांगण में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
इस आयोजन के अंतर्गत विश्व शांति के लिए विशेष महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, मंत्र जाप और हवन आदि संपन्न होंगे। अमित जैन का कहना है कि इन क्रियाओं से न केवल मंदिर क्षेत्र में बल्कि संपूर्ण विश्व में शांति और सद्भाव का वातावरण बनेगा।
महोत्सव में मुख्य यजमान यूसी जैन,मुख्य संयोजक निखिल जैन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर की भव्य प्रतिष्ठा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां की गई हैं। महामंत्री अमित जैन ने भी आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए कहा कि पंचकल्याण प्रतिष्ठा महोत्सव न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक समरसता का भी प्रतीक बनेगा।
इस शुभ आयोजन में देशभर से हजारों श्रद्धालु पहुंचेंगे और भगवान आदिनाथ के दिव्य दर्शन का लाभ उठाएंगे। मंदिर समिति ने आगंतुकों की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्थाएं की हैं। भोजन, आवास एवं परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ताकि श्रद्धालु निर्बाध रूप से धार्मिक क्रियाओं में सम्मिलित हो सकें।
यह महोत्सव धर्म, आस्था, संस्कृति और अध्यात्म का अनूठा संगम होगा। जैन धर्म के अनुयायियों के लिए यह एक ऐतिहासिक अवसर है, जहां वे पंचकल्याण प्रतिष्ठा के पावन क्षणों का साक्षी बन सकेंगे। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस दिव्य आयोजन में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है।