
*शारदीय नवरात्रि पर नौ स्वरूपों की आराधना के लिए मंदिर में उमड़ रहे श्रद्धालु
हरि न्यूज
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के सप्तसरोवर मार्ग स्थित प्रख्यात धार्मिक संस्था सिद्धपीठ पवित्र गुफा वाली वैष्णो देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मां नवदुर्गा के नौ स्वरूपों की विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। मंदिर संचालक भक्त दुर्गादास के संयोजन में आयोजित इन धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना हुआ है। पूजा-अर्चना, मंत्रोच्चार और मां भगवती की आराधना के बीच श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आ रहे हैं।

नवरात्रि के दौरान मंदिर में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान के साथ पूजा की जा रही है। श्रद्धालु मां भगवती के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना कर रहे हैं। मंदिर परिसर में धार्मिक गतिविधियों के चलते आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।
मंदिर संचालक भक्त दुर्गादास ने बताया कि सिद्धपीठ पवित्र गुफा वाली वैष्णो देवी मंदिर का निर्माण पूज्य माता लाल देवी की प्रेरणा से हरिद्वार में वैष्णो देवी मंदिर की तर्ज पर कराया गया है। मंदिर में वर्षभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं पूजा-पाठ के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि शारदीय नवरात्रि का पर्व मां भगवती की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दौरान मंदिर परिसर में मां नवदुर्गा के नौ स्वरूपों की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है।

राम निकेतन आश्रम के परमाध्यक्ष महंत ज्ञानानंद शास्त्री महाराज ने कहा कि नवरात्रि का पर्व श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक साधना का संदेश देता है। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के माध्यम से श्रद्धालु शक्ति, साहस, सद्बुद्धि और सकारात्मक ऊर्जा की कामना करते हैं। धार्मिक अनुष्ठान मनुष्य को आध्यात्मिक मार्ग से जोड़ने के साथ ही समाज में सद्भाव, सेवा और परोपकार की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं से नवरात्रि के दौरान मां भगवती की आराधना करने और धार्मिक पर्वों के आध्यात्मिक संदेश को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राकेश चंद्र सकलानी, अश्वनी दीक्षित, पंडित हीरा जोशी, जगदम्बा प्रसाद, विनय, मोहन, दीवान सिंह राणा सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।



