
जिलाध्यक्ष गोकुल रावत के नेतृत्व में हुआ सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम, प्रदेश के मुद्दों को लेकर संगठन को मजबूत करने पर जोर

हरि न्यूज
हरिद्वार। हरकी पैड़ी क्षेत्र में स्थित एक होटल में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की ओर से आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में समाजसेवी प्रसन्न कुमार झा ने अपने साथियों सहित पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का आयोजन यूकेडी के जिलाध्यक्ष गोकुल रावत के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान नवागत सदस्यों का पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया और संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही।

इस अवसर पर यूकेडी जिलाध्यक्ष गोकुल रावत ने कहा कि उत्तराखंड के जनसरोकारों और स्थानीय समस्याओं को लेकर पार्टी लगातार अपनी आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को रोजगार, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा स्थानीय संसाधनों से जुड़े विषयों पर ठोस पहल की आवश्यकता है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी उत्तराखंड के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सदस्यता कार्यक्रम के संयोजक प्रसन्न कुमार झा ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल प्रदेश की स्थानीय समस्याओं और जनभावनाओं को प्रमुखता से उठाने वाला राजनीतिक संगठन है। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा और उत्तराखंड से जुड़े मुद्दों से प्रभावित होकर उन्होंने साथियों के साथ संगठन की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने तथा जनसमस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।

जिला महामंत्री रवि जैन ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच निरंतर संवाद पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन को जमीनी स्तर पर विस्तार देने में मदद मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थानीय समस्याओं को चिन्हित कर उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने का आह्वान किया।
व्यापार प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष सुमित अरोड़ा ने कहा कि व्यापारियों और छोटे कारोबारी वर्ग से जुड़े मुद्दों को भी राजनीतिक एवं सामाजिक विमर्श में उचित स्थान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारियों की समस्याओं को समझने और उन्हें संबंधित मंचों तक पहुंचाने के लिए प्रयास करेगा।
इन लोगों ने ग्रहण की सदस्यता

कार्यक्रम के दौरान प्रसन्न कुमार झा, अनिल सिंह रावत, विकास पंडित, रजत अरोड़ा, सोनू, शिवा जोशी, रंजीत कुमार, सौदागर कुमार, अमरजीत, पवन कुमार, जितेंद्र दास, गौरव अरोड़ा, सोनू कुमार और केवल सिंह रावत ने उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर संदीप अग्रवाल, जसवंत सिंह बिष्ट, तुषार चौधरी और राकेश चौहान सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन के आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई।
