
*जीएसटी विभाग की छापेमारी पर व्यापारियों में नाराजगी
*व्यापारियों को अनावश्यक परेशान करने का आरोप,कार्यवाही जारी रहने पर आंदोलन की चेतावनी
हरि न्यूज
हरिद्वार। जीएसटी विभाग की ओर से व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर की जा रही जांच एवं छापेमारी को लेकर व्यापारियों में नाराजगी सामने आई है। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मानक एवं निर्धारित नियमों के दायरे में आने वाले तथा जीएसटी छूट की सीमा से बाहर नहीं आने वाले कुछ व्यापारियों को भी जांच और कार्रवाई के नाम पर परेशान किया जा रहा है।
सुनील सेठी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि व्यापारियों द्वारा नियमानुसार अपना कारोबार संचालित किया जा रहा है। इसके बावजूद लगातार जांच और छापेमारी की कार्रवाई से व्यापारियों में असमंजस एवं असंतोष की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि विभाग को कार्रवाई करते समय नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि किसी व्यापारी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग पहले से ही विभिन्न प्रकार की व्यावसायिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में यदि जांच के नाम पर लगातार कार्रवाई की जाती है तो इससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने जीएसटी विभाग से मांग की कि कार्रवाई के दौरान पात्रता, कर दायित्व और निर्धारित नियमों का स्पष्ट रूप से परीक्षण किया जाए तथा वास्तविक अनियमितता पाए जाने पर ही नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
सुनील सेठी ने चेतावनी दी कि यदि इसी प्रकार व्यापारियों को परेशान करने की शिकायतें सामने आती रहीं और विभागीय कार्रवाई को लेकर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो महानगर व्यापार मंडल व्यापारियों के साथ मिलकर सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज कराने को मजबूर होगा।
उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को संबंधित विभाग और अधिकारियों के समक्ष उठाता रहेगा। साथ ही उन्होंने व्यापारियों से भी अपील की कि वे अपने आवश्यक दस्तावेज और जीएसटी से संबंधित रिकॉर्ड नियमानुसार व्यवस्थित रखें, ताकि किसी भी जांच के दौरान अनावश्यक परेशानी की स्थिति उत्पन्न न हो।
