
हरि न्यूज
हरिद्वार। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के भाजपा रायवाला मंडल में अनुपम त्यागी को एनजीओ प्रकोष्ठ का सह संयोजक मनोनीत किए जाने पर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने अनुपम त्यागी को फूल-माला पहनाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं को उनकी सक्रियता, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के आधार पर जिम्मेदारियां देती है। एनजीओ प्रकोष्ठ समाजसेवी संस्थाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि अनुपम त्यागी अपनी जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए समाजहित एवं संगठन को मजबूत करने की दिशा में कार्य करेंगे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मनोज जखमोला ने कहा कि भाजपा का संगठन लगातार समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाने के लिए कार्य कर रहा है। एनजीओ प्रकोष्ठ के माध्यम से विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और समाजसेवियों को एक मंच पर लाकर जनहित के कार्यों को गति दी जा सकती है। उन्होंने अनुपम त्यागी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव और सक्रियता से प्रकोष्ठ को मजबूती मिलेगी।
नव मनोनीत सह संयोजक अनुपम त्यागी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की रीति-नीति एवं केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मनोज जखमोला, एनजीओ प्रकोष्ठ के संयोजक चेतन चौबे, उप प्रधान मनोज शर्मा, नगर निकाय हरिद्वार के जिला संयोजक अनिरुद्ध भाटी, समाजसेवी विशाल गुप्ता, संदीप गोस्वामी, मनोज गिरि, पार्षद सूर्यकांत शर्मा तथा भाजपा जिला मंत्री विनीत जॉली सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी ने शुभकामनाएं दी।
