
500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने किया गिरोह का खुलासा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में सक्रिय था गिरोह
हरि न्यूज
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत झबरेड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की 19 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों के उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को आस मोहम्मद पुत्र मोहम्मद शहजाद निवासी ग्राम बिझोली, कोतवाली मंगलौर ने ग्राम लाठदेवा शेख, कोतवाली झबरेड़ा क्षेत्र से अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UK17N8438 चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मु0अ0सं0 139/2026 धारा 303(2)/317(2)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने मामले के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक झबरेड़ा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल एवं संभावित मार्गों पर लगे 500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाई गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी पुलिस से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए बार-बार मास्क, कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते थे। इसके बावजूद पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी।
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर फाजिलपुर चौराहे के पास दो संदिग्धों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दबोच लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की 18 अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस प्रकार कुल 19 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपियों ने कई मोटरसाइकिलें कोतवाली झबरेड़ा, कोतवाली नगर हरिद्वार, सिविल लाइंस रुड़की तथा थाना सदर बाजार सहारनपुर क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया है। बरामद अन्य वाहनों के संबंध में संबंधित जनपदों एवं थाना क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है तथा संबंधित पुलिस इकाइयों को भी सूचना भेजी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
1. अरमान पुत्र मुज्जमिल, निवासी तेलीवाला, कोतवाली गंगनहर, हरिद्वार।
2. मोनू पुत्र महेंद्र, निवासी बरशेर सिकंदरपुर, थाना सिरौली, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी किरायेदार सुलेमान, शक्ति विहार, रेलवे स्टेशन के पास, कोतवाली गंगनहर, हरिद्वार।
कई मामलों में दर्ज है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी अरमान के विरुद्ध कोतवाली गंगनहर, कोतवाली झबरेड़ा, कोतवाली नगर हरिद्वार, थाना सदर बाजार सहारनपुर तथा सिविल लाइंस रुड़की में विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी मोनू के विरुद्ध भी कोतवाली झबरेड़ा, कोतवाली नगर हरिद्वार, थाना सदर बाजार सहारनपुर एवं सिविल लाइंस रुड़की में वाहन चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने बरामद 19 मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर उनके वास्तविक स्वामियों एवं अन्य मामलों से संबंध की जांच शुरू कर दी है। कुछ मोटरसाइकिलों पर अलग-अलग राज्यों के नंबर लगे मिले हैं, जबकि कुछ बिना नंबर प्लेट के बरामद हुई हैं। एक मोटरसाइकिल के इंजन नंबर को घिसा हुआ तथा एक अन्य के चेसिस एवं इंजन नंबर अपठनीय पाया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद वाहनों के संबंध में जांच आगे बढ़ाई जा रही है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतेन्द्र भंडारी, उपनिरीक्षक नीरज रावत, अपर उपनिरीक्षक गिरीश सिंह, हेड कांस्टेबल रामवीर, हेड कांस्टेबल गजपाल, हेड कांस्टेबल मोहन खोलिया तथा कांस्टेबल मनीष चौहान शामिल रहे।
