
गुरु जीवन को नई ऊर्जा प्रदान कर सुख, शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करते हैं: महामंडलेश्वर स्वामी केशवानंद महाराज
हरि न्यूज
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार की प्रख्यात धार्मिक संस्था श्री अखंड विश्वम्भरानंद आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी केशवानंद महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने भाग लेकर गुरु पूजन किया और संत महापुरुषों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ गुरु पूजन कर अपने गुरु के प्रति श्रद्धा और समर्पण भाव व्यक्त किया। पूरे आश्रम परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में नमन करते हुए अपने जीवन में गुरु के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।महामंडलेश्वर स्वामी केशवानंद महाराज ने कहा कि गुरु का जीवन में विशेष महत्व है। गुरु अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से शिष्य के जीवन को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। गुरु के बताए मार्ग पर चलकर व्यक्ति जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति प्राप्त करता है और उसके जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।
उन्होंने कहा कि गुरु केवल आध्यात्मिक ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि व्यक्ति को सत्य, सेवा, सदाचार और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं। गुरु के प्रति श्रद्धा और विश्वास रखने वाला व्यक्ति जीवन में सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ता है। गुरु पूर्णिमा का पर्व हमें अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
इस दौरान आश्रम में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालु भक्तों ने महामंडलेश्वर स्वामी केशवानंद महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर लोककल्याण और सुख-शांति की कामना की।
