
हरि न्यूज
हरिद्वार। सुप्रयास कल्याण समिति, हरिद्वार की ओर से श्री चेतन ज्योति आश्रम के सभागार में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए आर्थिक रूप से कमजोर, लेकिन प्रतिभावान विद्यार्थियों के चयन की घोषणा एवं प्रतीकात्मक शैक्षणिक सामग्री वितरण कार्यक्रम गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट शैक्षिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। विशेष बात यह रही कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थी बेटियां थीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित करने, संस्कृत विद्यार्थियों द्वारा स्वस्तिवाचन तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी, वित्त एवं राजस्व, हरिद्वार वैभव गुप्ता ने उत्कृष्ट शैक्षिक प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद निरंतर मेहनत और लगन से लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
एसएमजेएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील बत्रा ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को सफलता के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। संस्था के मार्गदर्शक मंडल एवं सहयोगी सदस्य बृज भूषण विद्यार्थी ने अभिभावकों से बच्चों के भविष्य के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया। सहयोगी सदस्य एवं खाद्य पूर्ति अधिकारी दिनेश शर्मा ने भी विद्यार्थियों को प्रेरणादायी विचारों से संबोधित किया।
संस्था के मार्गदर्शक मंडल अध्यक्ष दिनेश जोशी एवं सचिव रत्नमणि डोभाल ने विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया, जबकि कुलभूषण शर्मा एवं मुकेश वार्ष्णेय ने स्मृति-चिह्न प्रदान किए। इस दौरान चंद्रशेखर कौशिक, राहुल श्रोत्रिय, संजीव शास्त्री, हर्ष कालरा, नीतू तिवारी, देवसुमन, डॉ. श्वेता शर्मा खंडूरी, डॉ. शिवम नारायण शर्मा, डॉ. अनिरुद्ध पोरवाल, सोमित डे, कौशल किशोर मित्तल, रानी गुप्ता, डॉ. इला शर्मा चावला, रमेश रतूड़ी, पारेश्वर जोशी, हर्षित रतूड़ी सहित अनेक सहयोगी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका बिंदु बलूनी ने किया।

बेटियों ने बढ़ाया संस्था का गौरव
वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट शैक्षिक प्रदर्शन करने वाली छात्राओं में रिद्धि गंभीर, रितिका, भव्या अग्रवाल, रुचि शर्मा, शानवी गिरी, आरुषि पांडेय, इशिका पांडेय, इशिका धीमान, वर्षा झा, रेहा बाली, छवि, गुड़िया गिरी और वैष्णवी अग्रवाल को सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से इन सभी प्रतिभाशाली छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
सुप्रयास कल्याण समिति की ओर से नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए 35 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों में वर्षा झा, सुहानी शर्मा, एकता कोरी, दक्ष राही, आयुष शर्मा, गौरव पांडे, वैष्णवी गिरी, प्रिंस कुमार, अनमोल, इशिका दीवान, उन्नति भटनागर, नंदिनी मिश्रा, आरुश, गुड़िया गिरी, गोविंद, आस्था शर्मा, रेहा बाली, आरुषि, मानवीय उपाध्याय, आयुष भट्ट, आशु, आरूचि, शिवाय नेगी, भव्या अग्रवाल, शानवी गिरी, मानसी पप्पनोई, विवेक, रितिका, वैष्णवी अग्रवाल, देव लोहारिया, जानवी गोस्वामी, आदित्य सूद, दिव्या सैनी, वंदन शर्मा एवं दिव्यांश पाल शामिल हैं।
संस्था की ओर से कहा गया कि सुप्रयास केवल आर्थिक सहयोग का माध्यम नहीं, बल्कि एक विश्वास और संकल्प है कि किसी भी प्रतिभावान बच्चे की शिक्षा केवल परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण बाधित न हो। यदि समाज किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी का हाथ थामकर उसे आगे बढ़ने का अवसर देता है, तो वह विद्यार्थी भविष्य में समाज के लिए प्रेरणा बन सकता है।
कार्यक्रम के समापन पर संस्थाध्यक्ष एडवोकेट राजेन्द्रनाथ गोस्वामी एवं महामंत्री डॉ. सत्यनारायण ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सम्मानित छात्राओं और उनके अभिभावकों के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी ने सुप्रयास कल्याण समिति के शिक्षा सहयोग अभियान की सार्थकता को और मजबूत किया।
