
*युवाओं और बेरोजगारों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान
हरि न्यूज
हरिद्वार। पार्षद प्रतिनिधि विदित शर्मा के संयोजन में सोमवार को वार्ड नंबर दो में ऋण मेला एवं स्वरोजगार जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी एवं जिला संयोजक निकाय प्रकोष्ठ अनिरुद्ध भाटी ने किया। इस दौरान अतिथियों ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगार एवं उद्योग संबंधी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं और बेरोजगारों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
शिविर में जिला उद्योग केंद्र, हरिद्वार के प्रबंधक चंद्र मोहन एवं सहायक प्रबंधक दिनेश चंद्र आर्य ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न सब्सिडी आधारित ऋण योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं के तहत पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया। वहीं बीपीडीई के राव आश्कर एवं धर्मशाला प्रबंधक अध्यक्ष राम अवतार शर्मा ने भी विभिन्न योजनाओं से मिलने वाले लाभ और सुविधाओं के बारे में जानकारी साझा की। शिविर में करीब 104 लोगों ने विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत स्वीकृत स्वरोजगार गतिविधियों के लिए दो लाख रुपये तक के ऋण पर 25 प्रतिशत, 10 लाख रुपये तक के ऋण पर 20 प्रतिशत तथा 25 लाख रुपये तक के ऋण पर 15 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान है। इसके अलावा महिला उद्यमियों एवं ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों को पांच प्रतिशत अतिरिक्त सब्सिडी का लाभ भी दिया जाता है।
कार्यक्रम में अभिषेक वर्मा, वाशु, मुकेश, वर्षा, सतनाम सिंह, अशोक दास, ससी पाठक, ललिता, अनिता शर्मा, सुधा देवी, आरती गुप्ता, कृष्ण गोपाल भारद्वाज, कृष्ण जांगड़ा, जितेंद्र कुमार, सोनू, राकेश कुमार, सुनीता जोशी, रामलाल, शुभम चौधरी, श्रेय भारद्वाज, मनीष तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं, बेरोजगारों एवं इच्छुक लोगों को स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है।
