
हरि न्यूज
हरिद्वार। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और निष्पक्ष कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग को लेकर उत्तराखंड पत्रकार यूनियन, हरिद्वार इकाई ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने जनपद में पत्रकारों के साथ हो रही अभद्रता और दुर्व्यवहार की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य में शीघ्र पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की।
जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार, धमकी अथवा कार्य में बाधा जैसी घटनाएं न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध हैं, बल्कि स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए भी गंभीर चुनौती हैं। यूनियन ने मांग की कि उत्तराखंड में “पत्रकार सुरक्षा कानून”को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए, ताकि पत्रकार निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष प्रमोद गिरि ने कहा कि प्रदेश के पत्रकार लंबे समय से सुरक्षा कानून की मांग कर रहे हैं। सरकार को इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए, जिससे पत्रकारों को कानूनी संरक्षण मिल सके और उनके साथ होने वाली घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
प्रेस क्लब के पूर्व महामंत्री अश्वनी अरोड़ा तथा यूनियन के महामंत्री महावीर नेगी ने हाल ही में जिला खान अधिकारी द्वारा पूर्व जिलाध्यक्ष एवं हिंदुस्तान समाचार पत्र के फोटो पत्रकार ठाकुर रविंद्र सिंह के साथ हुई घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी पत्रकार के साथ इस प्रकार का व्यवहार दोबारा न हो, इसके लिए प्रशासन को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकार रूपेश वालिया ने सुझाव दिया कि जिला सूचना अधिकारी की पहल पर समय-समय पर पत्रकारों और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाए। इससे दोनों पक्षों के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा और इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर रविंद्र सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। इसलिए उनके सम्मान, सुरक्षा और स्वतंत्र कार्य वातावरण की रक्षा करना सरकार और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के अनुरूप नहीं है तथा ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में उत्तराखंड पत्रकार यूनियन हरिद्वार इकाई के जिलाध्यक्ष प्रमोद गिरि, महामंत्री महावीर नेगी, पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर रविंद्र सिंह, प्रेस क्लब के पूर्व महामंत्री अश्वनी अरोड़ा, वरिष्ठ पत्रकार रूपेश वालिया सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।

