
हरि न्यूज
नई दिल्ली। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के नवनियुक्त दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष राजीव तोमर के सम्मान में पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, महादेव रोड, नई दिल्ली में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा नए प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय संगठन महासचिव त्रिलोक त्यागी का भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। अपने संबोधन में त्रिलोक त्यागी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने संगठन को नई मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से राजीव तोमर को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी निष्ठा, संघर्षशीलता, संगठनात्मक क्षमता और पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पण से दिल्ली प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हमेशा किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों की आवाज़ बनकर कार्य करता रहा है। पार्टी का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाना है।

नवनियुक्त दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष राजीव तोमर ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा तथा युवाओं, महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग को पार्टी से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। कार्यकर्ताओं के सम्मान, संगठन की मजबूती और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय सचिव एवं एससी-एसटी प्रकोष्ठ प्रभारी प्रबुद्ध कुमार ने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय, समान अवसर और संविधान की मूल भावना के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की नीतियों और विचारों को पहुंचाने के लिए संगठन को और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पूरी तैयारी के साथ जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि राष्ट्रीय लोकदल दिल्ली में संगठनात्मक विस्तार के नए चरण की शुरुआत कर रहा है और आने वाले समय में जनता के बीच मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव एवं प्रभारी प्रबुद्ध कुमार, रजनीश मलिक, कमलेश मलिक, निरपाल चौधरी, टी. सोनिका आनंद, मनमोहन, उस्मान त्यागी, रयान त्यागी, ओ.डी. त्यागी, एडवोकेट लक्ष्मीकांत, राजरानी, जैस्मिन सिंह, अमरजोत सिंह, अनिल जोगी, दयाराम नागर सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
