
हरि न्यूज
हरिद्वार। अर्धकुंभ मेले की तैयारियों में तेजी लाने के साथ ही आयोजन में स्थानीय साहित्यकारों, पत्रकारों, चित्रकारों एवं रंगकर्मियों की भूमिका और सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। यह कहना है स्वतंत्र पत्रकार डॉ. अशोक गिरि का।
डॉ. अशोक गिरि ने कहा कि अर्धकुंभ मेले को दिव्य एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए शासन, प्रशासन और साधु-संत समाज द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हरिद्वार की जनता की भी यही हार्दिक इच्छा है कि यह आयोजन सफल, सुव्यवस्थित और यादगार बने। हालांकि किसी भी बड़े आयोजन की पूर्ण सफलता तभी संभव है, जब उसकी तैयारियां गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय पर पूरी की जाएं और स्थानीय प्रतिभाओं को भी उचित स्थान एवं अवसर प्रदान किया जाए।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग आयोजन क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों से भलीभांति परिचित होते हैं। हरिद्वार में धार्मिक, साहित्यिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल इस बात की है कि शासन-प्रशासन इन प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराकर आयोजन से जोड़े।
डॉ. गिरि ने सुझाव दिया कि सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से लगाए जाने वाले पंडाल में स्थानीय एवं राष्ट्रीय समाचार पत्रों, स्थानीय पत्र-पत्रिकाओं, साहित्यकारों की पुस्तकों तथा चित्रकारों की कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जानी चाहिए। इससे न केवल स्थानीय साहित्य, कला और पत्रकारिता को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को हरिद्वार की सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत से परिचित होने का अवसर भी मिलेगा।
उन्होंने शासन-प्रशासन से अपील की कि अर्धकुंभ मेले की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा में स्थानीय प्रतिभाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि यह आयोजन धार्मिक भव्यता के साथ-साथ साहित्यिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समृद्धि का भी प्रतीक बन सके।



