
हरि न्यूज
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार भूपतवाला स्थित धार्मिक संस्था निराला धाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव राजमाता आशा भारती महाराज के पावन सानिध्य में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने निराला धाम पहुंचकर गुरु पूजन किया और राजमाता आशा भारती महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आश्रम परिसर में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा।

गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए राजमाता आशा भारती महाराज ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता प्रकट करने का पावन अवसर है। गुरु का आशीर्वाद और मार्गदर्शन मनुष्य को जीवन की कठिन परिस्थितियों में धैर्य और साहस प्रदान करता है। जो शिष्य गुरु के बताए मार्ग पर निष्ठा और विश्वास के साथ चलता है, वह अपने जीवन में आध्यात्मिक उन्नति के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का भी निर्वहन करता है।
इस अवसर पर श्रद्धालु भक्तों ने गुरु पूजन कर राजमाता आशा भारती महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया गया। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान निराला धाम परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
