
ज्वालापुर पुलिस ने सकुशल परिजनों से मिलाकर 70वर्षीय महिला के चेहरे पर लौटाई मुस्कान
हर की पौड़ी स्नान के लिए आई बुजुर्ग महिला को परिजनों से हरिद्वार पुलिस ने मिलाया परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का जताया आभार
हरि न्यूज
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस की संवेदनशीलता और सतत प्रयासों के चलते एक बुजुर्ग महिला को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया। महिला के परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की।
11 जून को थाना ज्वालापुर पुलिस को सूचना मिली कि लगभग 70 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला दुर्गा चौक के पास बैठी हुई हैं और अपने घर का पता बताने में असमर्थ हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम सोमी पत्नी अतर सिंह बताया, लेकिन वह अपने निवास स्थान के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकीं। महिला कांस्टेबल की सहायता से उन्हें कोतवाली ज्वालापुर लाया गया, जहां उनसे विस्तार से पूछताछ की गई। साथ ही कंट्रोल रूम, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा अन्य माध्यमों से उनके परिजनों की तलाश के प्रयास किए गए, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर कोई सफलता नहीं मिली।
पुलिस ने हार नहीं मानी और 14 जून 2026 को अपर उपनिरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा ने पुनः गहन पूछताछ की। इस दौरान महिला ने अपने मायके का पता ग्राम बजीरपुर, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) बताया।
इसके बाद अपर उपनिरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा ने थाना गंगोह से संपर्क कर ग्राम प्रधान बजीरपुर का मोबाइल नंबर प्राप्त किया। ग्राम प्रधान से बातचीत के बाद महिला के भतीजे का संपर्क नंबर मिला। जब पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि महिला घर से अपनी बहन के यहां जाने की बात कहकर निकली थीं और उनके हरिद्वार पहुंचने की जानकारी परिवार को नहीं थी।
सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद बुजुर्ग महिला को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने परिजन को सुरक्षित पाकर परिवार के सदस्यों ने हरिद्वार पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में शामिल रहे—
अपर उपनिरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा
महिला कांस्टेबल सुल्ताना
महिला होमगार्ड सायरा बानो।
