हरि न्यूज
हरिद्वार। हरिद्वार के हाथी पुल के समीप गंगा के तेज बहाव में फंसे एक युवक को हरिद्वार पुलिस की रेस्क्यू टीम ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के चरखी दादरी जनपद के ग्राम उन निवासी 26 वर्षीय रोहताश पुत्र दयाचंद गंगा किनारे पहुंचा था। इसी दौरान वह गंगा के तेज बहाव में फंस गया और बाहर निकलने में असमर्थ हो गया। युवक को संकट में देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए साहस एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए रेस्क्यू अभियान से एक संभावित हादसा टल गया और युवक की जान बच गई।
रेस्क्यू के बाद युवक ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस तत्परता और मानवता पूर्ण कार्य की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की। हरिद्वार पुलिस की रेस्क्यू टीम ने एक बार फिर सेवा, सुरक्षा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
