
*21 व 22 नवंबर को होगा आयोजन, कई राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्रियों सहित अनेक गणमान्य अतिथि होंगे शामिल
हरि न्यूज
हरिद्वार 19 नवंबर।वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी की जन्मशताब्दी समारोह के द्वितीय चरण के द्वितीय पुष्प को लेकर शांतिकुंज एवं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी 21 एवं 22 नवंबर को आयोजित होने वाले इस विशेष समारोह में देश-विदेश से तीस हजार से अधिक गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं एवं परिजनों के पहुंचने की संभावना है।
आयोजन को सुव्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए कई स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में कार्यक्रम स्थल, आवास, भोजनालय यातायात, अतिथि सत्कार, मीडिया सेंटर एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ता पूरी तत्परता से जुटे हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों सहित ा विदेशों में सक्रिय गायत्री परिवार के प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी। आयोजन को लेकर शांतिकुंज के कार्यकर्ताओं और परिजनों में विशेष उत्साह है। उल्लेखनीय है कि वंदनीया माताजी ने अपना संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, साधना, सेवा एवं नारी जागरण के माध्यम से समाज निर्माण के लिए समर्पित किया। उनका जीवन गायत्री परिवार के करोड़ों परिजनों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ चिन्मय पण्ड्या ने बताया कि जन्मशताब्दी समारोह का यह द्वितीय चरण माताजी के जीवन दर्शन, आदर्शों एवं उनके द्वारा पोषित युग निर्माण अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। यह एक त्रिवेणी संगम है। पहला वंदनीया माताजी का जन्म शताब्दी, अखण्ड दीप के प्राकट्य का सौ वर्ष और युगऋषि पं श्रीराम शर्मा आचार्य जी की साधना का सौ वर्ष। इसके माध्यम से सेवा, साधना, संस्कार अूौर सामाजिक परिवर्तन के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की जाएगी।
…………………………………………………………………………….
वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलकामनाओं के बीच मनाया गया शेफाली पण्ड्या का जन्मदिन
हरिद्वार, 19 नवंबर।
देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्मशताब्दी समारोह की तैयारियों के बीच शांतिकुंज महिला मंडल की प्रमुख श्रीमती शेफाली पण्ड्या का जन्मदिन सादगी, आत्मीयता और आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। वैदिक मंत्रों की मंगलध्वनि के बीच महिला मंडल की बहनों ने उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और मंगलमय जीवन की कामना की।
संस्था की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी, देवसंस्कृति विवि के उपाध्यक्ष डॉ चिन्मय पण्ड्या, शांतिकुंज व्यवस्थापक श्री योगेंद्र गिरी सहित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और परिजनों ने शेफाली पण्ड्या को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं। समारोह में आत्मीयता, स्नेह और भारतीय संस्कृति के आध्यात्मिक मूल्यों की झलक दिखाई दी।
इसके पश्चात शेफाली पण्ड्या देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के उस प्रांगण में पहुँचीं, जहाँ आगामी 21 एवं 22 नवंबर को जन्मशताब्दी समारोह के द्वितीय चरण का द्वितीय पुष्प आयोजित होगा। यहाँ उन्होंने वैदिक विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कर समारोह की सफलता, विश्व शांति और लोकमंगल की प्रार्थना की। जन्मशताब्दी की तैयारियों के बीच सादगीपूर्ण जन्मदिन और यज्ञ अनुष्ठान ने सेवा, साधना तथा समर्पण की भावना को विशेष अभिव्यक्ति दी।



