
*जयपुरिया भवन के आसपास लगे कूड़े के ढेर, यात्रियों और स्थानीय निवासियों का आवागमन हुआ मुश्किल

हरि न्यूज
हरिद्वार। नगर निगम हरिद्वार के रामघाट क्षेत्र में जयपुरिया भवन के आसपास पिछले करीब दस दिनों से कूड़ा नहीं उठाए जाने के कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। गंदगी के चलते स्थानीय निवासियों के साथ ही क्षेत्र में आने वाले यात्रियों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर नगर निगम की ओर से ‘स्वच्छ हरिद्वार, स्वस्थ हरिद्वार’ का संदेश दिया जाता है, वहीं दूसरी ओर रामघाट क्षेत्र की स्थिति इसकी हकीकत बयां कर रही है। क्षेत्र में लंबे समय से कूड़ा जमा होने के कारण दुर्गंध और गंदगी की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने इससे संक्रमण फैलने की आशंका भी जताई है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता उज्ज्वल पंडित ने बताया कि कुंभ कार्यों के चलते मेन बाजार रोड खुदी होने के कारण कूड़ा उठाने वाली बड़ी गाड़ी क्षेत्र तक नहीं पहुंच पा रही है। इसके चलते कूड़ा लगातार जमा हो रहा है और स्थिति गंभीर होती जा रही है।
उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से मांग की कि बड़ी गाड़ी के पहुंचने में दिक्कत को देखते हुए छोटी कूड़ा उठाने वाली गाड़ी के माध्यम से रामघाट क्षेत्र से तत्काल कूड़ा उठवाया जाए। उन्होंने कहा कि करीब दस दिनों से कूड़ा नहीं उठने के कारण क्षेत्र में स्थिति बेहद खराब हो गई है। स्थानीय लोगों ने भी नगर निगम से शीघ्र सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।



