
खाली प्लॉट में पानी भरने से घरों में कैद होने को मजबूर हुए लोग
हरि न्यूज
हरिद्वार। देहरादून जनपद की ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतिम गांव हरिपुर कला में पिछले कई महीनों से सीवर लाइन डालने का कार्य चल रहा है। इसके चलते गोल कोठी के निकट देवेश ममगाई वाली गली की सड़क पिछले करीब एक माह से क्षतिग्रस्त पड़ी है। सड़क का निर्माण नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले वर्ष सर्दियों में गली में नई सीवर लाइन डाली गई थी। लाइन डालने के दौरान पुरानी सीवर लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे कॉलोनीवासियों द्वारा समय-समय पर ठीक कराया जाता रहा। वहीं, भारी बारिश के दौरान सीवर चौक होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हुई और लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। कुछ घरों में सीवर का पानी भरने की शिकायत भी सामने आई थी।
कॉलोनीवासियों ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से शिकायत की, जिसके बाद पिछले महीने नई सीवर लाइन से घरों के कनेक्शन जोड़कर लाइन को चालू किया गया। इसके बाद भी पानी की निकासी सुचारु नहीं होने पर सीवर के चैंबरों को दुरुस्त कराया गया। चैंबरों की मरम्मत के दौरान सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सीवर लाइन की व्यवस्था दुरुस्त हुए करीब दस दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। सड़क की हालत खराब होने के कारण कॉलोनीवासियों को अपने घरों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। फिलहाल लोग कॉलोनी से सटे खाली प्लॉट से होकर आवागमन करने को मजबूर हैं।
लगातार हो रही बारिश के कारण खाली प्लॉट में भी पानी भर गया है, जिससे लोगों का वहां से निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं होने के कारण रोजमर्रा की जरूरत का सामान लाने-ले जाने में भी परेशानी हो रही है।
कॉलोनीवासियों ने संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था से जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराकर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।
