
*विकास के साथ संस्कृति और विरासत का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
हरि न्यूज
नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नैनीताल में आयोजित माँ नंदा-सुनंदा महोत्सव में प्रतिभाग कर माँ नंदा-सुनंदा की पूजा-अर्चना एवं आरती की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा-सुनंदा महोत्सव उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और लोक परंपराओं का महत्वपूर्ण उत्सव है। उन्होंने कहा कि सरकार “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के साथ प्रदेश में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर कार्य कर रही है। मानसखंड मंदिर माला मिशन के माध्यम से कुमाऊं क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध होगा। मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, संसाधनों और भूमि के संरक्षण के लिए भी कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार, महिला सशक्तिकरण तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं को सरकार की प्राथमिकताओं में बताया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
