
*खस्ताहाल सड़कों को लेकर भूपतवाला में व्यापार मंडल ने जताया विरोध
*लोक निर्माण विभाग,एनएचएआई और सीवर कार्यदायी संस्था से व्यवस्था सुधारने की मांग
हरि न्यूज
हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खस्ताहाल सड़कों और जगह-जगह चल रहे निर्माण एवं खुदाई कार्यों को लेकर महानगर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने विरोध जताया। व्यापारियों ने लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई तथा सीवर कार्यदायी संस्था से सड़कों की स्थिति सुधारने और निर्माण कार्यों को व्यवस्थित तरीके से कराने की मांग की।

महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि हरिद्वार के कई क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति खराब है। विशेष रूप से उत्तरी हरिद्वार, सप्तऋषि घाट, सप्तसरोवर मार्ग, भारत माता मंदिर रोड, दूधाधारी चौक से सप्तऋषि तथा सर्वानंद क्षेत्र की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त सड़कें राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल बसों, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सेठी ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर सड़क निर्माण अथवा मरम्मत के बाद दोबारा खुदाई कर दी जाती है, जिससे लोगों की समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी शिकायत भेजकर संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया है।
श्री गायत्री व्यापार मंडल के अध्यक्ष भागीरथ प्रजापति और संगठन महामंत्री हरिमोहन भारद्वाज ने कहा कि कई स्थानों पर रात के समय बिना पर्याप्त सूचना के सड़क खोद दिए जाने से स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि सड़क खुदाई के दौरान बिजली, पानी और गैस जैसी आवश्यक सेवाओं की लाइनों के प्रभावित होने की शिकायतें भी सामने आती हैं। व्यापारियों ने मांग की कि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और खुदाई से पहले उचित योजना तैयार की जाए।
महामंत्री लालजी यादव और सतनाम सिंह ने कहा कि पहले से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत लंबित रहने के बीच नए सिरे से खुदाई किए जाने से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत हो रही है तथा वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से संबंधित विभागों के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई और सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।
इस दौरान देवेंद्र गोयल, एडवोकेट मेघराज, धर्मेंद्र बब्बर, श्रीनिवास गोयल, सन्नी अरोड़ा, श्रेय शास्त्री, विकास गुप्ता, सावन कुमार, राजेश पांडे, सुशील कुमार, हरीश अरोड़ा, ओम प्रकाश भट्ट, गौरव खन्ना, पावन पांडे, अशोक बजाज, अमित शर्मा, नीरज मिश्रा, मुकेश ठाकुर, दीपक रावत, राजेश पाठक, लक्की अनेजा, एसएन तिवारी, अशोक तिवारी, राकेश सिंह, गौरव शर्मा, जुगल किशोर, नंदकिशोर पांडे, आशीष अग्रवाल, सचिन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
