
‘प्रसार शिक्षा एवं मीडिया’ तथा ‘विज्ञापन पत्रकारिता एवं मीडिया’ पुस्तकों का हुआ लोकार्पण
हरि न्यूज
हरिद्वार, 14 अगस्त। पुस्तकें केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे व्यक्ति के आत्मनिरीक्षण, चिंतन और व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त साधन हैं। पुस्तकों के अध्ययन से समाज को नई दिशा मिलने के साथ ही व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। जीवन को सफल और सार्थक बनाने के लिए पुस्तकों को पढ़ने के साथ-साथ उनके विषयों का गंभीरता से अध्ययन और मनन भी आवश्यक है। यह विचार गुरुदेव कुटीर, बहादराबाद के मुख्य अधिष्ठाता एवं प्रबुद्ध संत डॉ. पुनीत पाठक महाराज ने डॉ. पंकज कौशिक द्वारा लिखित ‘प्रसार शिक्षा एवं मीडिया’ तथा ‘विज्ञापन पत्रकारिता एवं मीडिया’ पुस्तकों के लोकार्पण समारोह में व्यक्त किए।
डॉ. पुनीत पाठक महाराज ने कहा कि डिजिटल युग में सूचनाएं मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से आसानी से उपलब्ध हो रही हैं, लेकिन पुस्तकों का महत्व आज भी कम नहीं हुआ है। पुस्तकें व्यक्ति को किसी विषय की गहराई तक ले जाती हैं और उसे चिंतनशील, संवेदनशील तथा विवेकशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि ‘प्रसार शिक्षा एवं मीडिया’ पुस्तक बी.एड., एम.ए. शिक्षा एवं एम.ए. प्रसार शिक्षा का अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी सिद्ध होगी। पुस्तक में प्रसार शिक्षा, संचार एवं मीडिया से संबंधित विभिन्न विषयों को सरल, सहज और व्यवस्थित भाषा में प्रस्तुत किया गया है।
डॉ. पुनीत पाठक महाराज ने डॉ. पंकज कौशिक को दोनों पुस्तकों के प्रकाशन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा, मीडिया और पत्रकारिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी साहित्य का सृजन वर्तमान समय की आवश्यकता है। ऐसे प्रयास विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शोधार्थियों के लिए ज्ञान के नए द्वार खोलते हैं।
इस अवसर पर डॉ. पंकज कौशिक ने कहा कि पुस्तकों को लिखने का उनका उद्देश्य विद्यार्थियों और मीडिया से जुड़े पाठकों को सरल भाषा में गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि हिंदी साहित्य के क्षेत्र में उनकी दो पुस्तकें पूर्व में प्रकाशित हो चुकी हैं और अब ‘प्रसार शिक्षा एवं मीडिया’ तथा ‘विज्ञापन पत्रकारिता एवं मीडिया’ दो नई पुस्तकों का प्रकाशन हुआ है।
उन्होंने कहा कि इन पुस्तकों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने पाठ्यक्रम से संबंधित विषयों को सरलता से समझने में सहायता मिलेगी। साथ ही मीडिया और संचार के तेजी से बदलते स्वरूप, विज्ञापन, पत्रकारिता, प्रसार शिक्षा एवं जनसंचार के विभिन्न आयामों को समझने का अवसर भी प्राप्त होगा।
डॉ. कौशिक ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया समाज के प्रत्येक क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए मीडिया की भूमिका तथा संचार और पत्रकारिता के विभिन्न पक्षों को समझना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए दोनों पुस्तकों की विषय-वस्तु को सरल, व्यवस्थित और उपयोगी रूप में प्रस्तुत किया गया है।
पुस्तक लोकार्पण समारोह में गुरुदेव कुटीर से जुड़े संतों, विद्वानों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य लोगों ने डॉ. पंकज कौशिक को दोनों पुस्तकों के प्रकाशन पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पुस्तकों के महत्व तथा वर्तमान समय में शिक्षा और मीडिया की भूमिका को लेकर विचार-विमर्श भी किया गया।
समारोह के अंत में डॉ. पुनीत पाठक महाराज ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए ज्ञान का प्रसार अत्यंत आवश्यक है और पुस्तकें ज्ञान के प्रसार का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं से नियमित रूप से पुस्तकों का अध्ययन करने, उनके विचारों का मनन करने तथा अर्जित ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अरविंद शर्मा, विजय प्रताप सिंह, रमन सिंह यादव, विजयलक्ष्मी कौशिक, दिशा कौशिक, अभय त्यागी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
