
हरि न्यूज
हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय, हरिद्वार में शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। विद्यालय के मुख्याधिष्ठाता डॉ. दीनानाथ शर्मा की अध्यक्षता में प्रातः 10 बजे आयोजित तिरंगा यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा गुरुकुल कांगड़ी परिसर से प्रारंभ होकर गुरुकुल विश्वविद्यालय परिसर, अमनचौक, बड़ा परिवार, छोटा परिवार तथा गुरुकुल के मुख्य मार्ग से होते हुए श्रद्धानंद द्वार पहुंची। इसके बाद यात्रा सिंहद्वार स्थित स्वतंत्रता आंदोलन के निर्भीक सेनानी एवं अग्रदूत अमर हुतात्मा स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पहुंची, जहां सभी ने श्रद्धावनत भाव से उन्हें नमन किया। इसके पश्चात तिरंगा यात्रा राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए पुनः गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई।
तिरंगा हाथों में लेकर चल रहे गुरुकुल के छात्रों ने भारत माता की जय और देशभक्ति के गगनभेदी नारों से पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। छात्र स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को स्मरण करते हुए देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दे रहे थे।
इस अवसर पर मुख्याधिष्ठाता डॉ. दीनानाथ शर्मा ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों एवं सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विजेन्द्र शास्त्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने 80वें स्वतंत्रता दिवस की सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्रहित एवं समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रविकांत मलिक, पार्षद नागेंद्र राणा, मंत्री फकीरचंद, कोषाध्यक्ष सज्जन सिंह, उपमंत्री धीरज कौशिक, जितेंद्र कुमार वर्मा, अशोक कुमार आर्य, डॉ. योगेश शास्त्री, डॉ. हुकमचंद, अश्विनी कुमार, अमर सिंह, डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह, वेदपाल सिंह, अशोक कुमार, अमित कुमार, राजकमल, दीपकमल, विजय कुमार, धर्म सिंह, गौरव शर्मा, लोकेश शास्त्री, सत्यवीर सिंह, रोहित बालियान, दिनेश कुमार, मामराज सिंह, तुषार सिंह, अनुज कुमार, भास्कर पांडे, सुभांशु, धर्मेंद्र सिंह सहित समस्त अधिष्ठाता एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
